फर्रुखाबाद में बाढ़ का कहर, अचानक धंसी आरसीसी सड़क; 10 फीट गहरे पानी में गिरी ट्रैक्टर-ट्रॉली

उप्र के फर्रुखाबादजनपद में बाढ़ के पानी के बीच सड़क के नीचे से कट जाने के कारण बड़ा हादसा हो गया। कटरी शिकारपुर निवासी जोगिंदर राजपूत पुत्र अमर सिंह राजपूत 108 बोरी गेहूं ट्रैक्टर-ट्रॉली में लादकर फर्रुखाबाद बेचने के लिए जा रहे थे।

फर्रुखाबाद में बाढ़ का कहर, अचानक धंसी आरसीसी सड़क; 10 फीट गहरे पानी में गिरी ट्रैक्टर-ट्रॉली
Published By- Diwaker Mishra

फर्रुखाबाद से वरुण दुबे की रिपोर्ट

फर्रुखाबाद/जनमत न्यूज़। उप्र के फर्रुखाबाद जनपद में बाढ़ के पानी के बीच सड़क के नीचे से कट जाने के कारण बड़ा हादसा हो गया। कटरी शिकारपुर निवासी जोगिंदर राजपूत पुत्र अमर सिंह राजपूत 108 बोरी गेहूं ट्रैक्टर-ट्रॉली में लादकर फर्रुखाबाद बेचने के लिए जा रहे थे। 

इसी दौरान सोता पुलिया-बिलावलपुर के पास बाढ़ के पानी से आरसीसी सड़क अचानक धंस गई। सड़क धंसते ही गेहूं से लदा ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर करीब 10 फीट गहरे पानी में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पानी में गिरने से गेहूं की बोरियां भी प्रभावित हुईं, जिससे पीड़ित को भारी आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि बाढ़ के कारण सड़क के नीचे से मिट्टी का कटाव हो गया था। इसी वजह से सड़क की सतह कमजोर होकर अचानक धंस गई। घटना ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सड़कों की सुरक्षा और निगरानी पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

घटना को लेकर प्रशासन से बात किए जाने पर अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आने वाली सड़कों का निरीक्षण कराया जाएगा। जहां भी सड़कें क्षतिग्रस्त या कटाव की स्थिति में पाई जाएंगी, वहां तत्काल मरम्मत एवं आवश्यक सुधार कार्य कराया जाएगा।

ताकि आगे इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और लोगों का आवागमन प्रभावित न हो। प्रशासन के इस आश्वासन के बाद अब देखना होगा कि बाढ़ प्रभावित मार्गों के निरीक्षण और मरम्मत का कार्य कितनी तेजी से धरातल पर शुरू होता है।