बलिया पुलिस लाइन में दीक्षांत परेड का भव्य आयोजन, 343 रिक्रूट आरक्षी बने यूपी पुलिस का हिस्सा

मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने परेड की सलामी ली और टोलियों का निरीक्षण किया। वहीं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की उपस्थिति में पूरा समारोह विधिवत संपन्न हुआ।

बलिया पुलिस लाइन में दीक्षांत परेड का भव्य आयोजन, 343 रिक्रूट आरक्षी बने यूपी पुलिस का हिस्सा
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

बलिया से गणेश तिवारी की रिपोर्ट —

बलिया /  जनमत न्यूज l  जनपद के रिजर्व पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में रविवार को रिक्रूट आरक्षी दीक्षांत परेड समारोह 2025-26 का भव्य और गरिमामय आयोजन किया गया। नौ माह के कठोर प्रशिक्षण के बाद 12 टोलियों के कुल 343 रिक्रूट आरक्षियों ने शानदार परेड प्रदर्शन कर अनुशासन, समर्पण और दक्षता का परिचय दिया। समारोह में जोश, उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने परेड की सलामी ली और टोलियों का निरीक्षण किया। वहीं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की उपस्थिति में पूरा समारोह विधिवत संपन्न हुआ। परेड मैदान में मौजूद परिजन और नागरिकों ने रिक्रूट आरक्षियों का उत्साहवर्धन किया।

समारोह के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन सजीव प्रसारण के माध्यम से दिखाया गया। अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने नवप्रशिक्षित जवानों से आधुनिक पुलिसिंग अपनाने, जनता के प्रति संवेदनशील रहने तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त रवैया बनाए रखने का आह्वान किया।

अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला ने प्रशिक्षण अवधि का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि नौ माह के दौरान रिक्रूट आरक्षियों को शारीरिक दक्षता, परेड, कानून व्यवस्था, हथियार संचालन, अनुशासन और व्यवहारिक पुलिसिंग का प्रशिक्षण दिया गया।

समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट आरक्षियों को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। विवेक द्विवेदी को सम्पूर्ण परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त कर सर्वांग सर्वोत्तम का पुरस्कार मिला। विशाल यादव को परेड कमांडर प्रथम, मोहम्मद इसराफिल मंसूरी को परेड कमांडर द्वितीय तथा नित्य प्रकाश को परेड कमांडर तृतीय घोषित किया गया। वहीं अंकुर दूबे को इनडोर परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।

समारोह के अंतिम चरण में जिलाधिकारी ने सभी रिक्रूट आरक्षियों को देश सेवा, संविधान के प्रति निष्ठा और जनसुरक्षा की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद सभी टोलियों ने अनुशासित ढंग से प्रस्थान किया।

कार्यक्रम के समापन पर पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया। आयोजन के सफल संचालन में क्षेत्राधिकारी लाइन्स अक्षय कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस अवसर पर पुलिस अधिकारी, जवानों के परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। पूरे समारोह ने नवजवानों के पुलिस सेवा में प्रवेश को यादगार बना दिया।