हरदोई में HPCL गैस पाइपलाइन में रिसाव से मचा हड़कंप, समय रहते काबू में आए हालात
उप्र के हरदोई में कोतवाली शहर क्षेत्र में आज रात एक बड़ी चूक ने पूरे प्रशासन को अलर्ट मोड में ला दिया,जब सवायजपुर से संडीला की ओर चालू की गई HPCL की गैस पाइपलाइन बावन चुंगी के पास रिसने लगी।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई में कोतवाली शहर क्षेत्र में आज रात एक बड़ी चूक ने पूरे प्रशासन को अलर्ट मोड में ला दिया,जब सवायजपुर से संडीला की ओर चालू की गई HPCL की गैस पाइपलाइन बावन चुंगी के पास रिसने लगी।
रात करीब 9:20 बजे हुए इस रिसाव ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। जिस पाइपलाइन को उसी दिन शुरू किया गया था, वही कुछ घंटों में खतरे का सबब बन गई। करीब 30-35 बार के दबाव पर चल रही लाइन से गैस लीक होते ही हालात बिगड़ने लगे।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस के साथ जिलाधिकारी अनुनय झा और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा मौके पर पहुंच गए। उनके साथ ADM, SDM, CO सिटी समेत पूरा प्रशासनिक अमला भी मौके पर डटा रहा।
हालात की गंभीरता को देखते हुए बावन चुंगी के पास दोनों ओर से ट्रैफिक तुरंत रोक दिया गया। आसपास के मोहल्लों में दहशत फैल गई, लोग घरों से बाहर निकल आए और कई परिवारों ने एहतियातन अपने घर खाली कर दिए।
प्रशासन की सख्ती और त्वरित कार्रवाई से करीब 10:40 बजे तक स्थिति काबू में लाई गई और पाइपलाइन का दबाव लगभग सामान्य स्तर पर पहुंचा दिया गया। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन इस घटना ने HPCL की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अधिकारियों ने सख्त निर्देश दिए हैं कि रिसाव के कारणों की गहराई से जांच कर भविष्य में ऐसी लापरवाही दोहराई न जाए, वरना अगली बार नतीजे और गंभीर हो सकते हैं।


