कुशीनगर में ISIS संदिग्ध रिजवान गिरफ्तार, छोला-भटूरा की दुकान की आड़ में चला रहा था नेटवर्क
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां ISIS से जुड़े संदिग्ध रिजवान को ATS और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया है।
कुशीनगर से प्रदीप यादव की रिपोर्ट
कुशीनगर/जनमत न्यूज़। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां ISIS से जुड़े संदिग्ध रिजवान को ATS और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, रिजवान को शनिवार देर शाम पडरौना कोतवाली क्षेत्र के छावनी रैनी मोहल्ले से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल उसे सीजीएम कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ ले गई।
पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
रिजवान का आतंकी कनेक्शन पहले भी सामने आ चुका है। वर्ष 2015 में, कुशीनगर में तैनात तत्कालीन पुलिस अधीक्षक अतुल शर्मा के कार्यकाल में उसे कसया थाना क्षेत्र के सबया गांव से गिरफ्तार किया गया था।
उस समय वह किराए के कमरे में रहकर आतंकी संगठन से जुड़ा हुआ था। इसके बाद वर्ष 2017 से 2023 तक वह एक ब्लास्ट मामले में जेल में बंद रहा।
बड़ा खुलासा
जेल से रिहा होने के बाद रिजवान ने शादी कर ली और उसके दो बच्चे हैं। उसने अपनी गतिविधियों को छिपाने के लिए नया तरीका अपनाया। वह पडरौना नगर के छावनी क्षेत्र में छोला-भटूरा और अंडा रोल की दुकान चलाने लगा।
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से उसकी दुकान बंद थी। सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि वह इसी दुकान की आड़ में युवाओं का ब्रेनवॉश कर रहा था और उन्हें कट्टरपंथ की ओर प्रभावित कर रहा था।
स्थानीय कनेक्शन
रिजवान मूल रूप से सिसवा मठिया का रहने वाला है। उसके पिता निजामुद्दीन लेखपाल पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
जांच जारी
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां रिजवान से गहन पूछताछ कर रही हैं। उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश भी जारी है। इस गिरफ्तारी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
बड़ा सवाल
क्या कुशीनगर में एक बार फिर आतंकी नेटवर्क सक्रिय हो रहा था? जांच के बाद और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Janmat News 
