सीतापुर में पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, 25 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर मुठभेड़ में गिरफ्तार
उप्र की सीतापुर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ ऐसा शिकंजा कसा कि 25 हजार रुपये का इनामी हिस्ट्रीशीटर रंगीलाल पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
सीतापुर से अनूप पाण्डेय की रिपोर्ट
सीतापुर/जनमत न्यूज़। उप्र की सीतापुर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ ऐसा शिकंजा कसा कि 25 हजार रुपये का इनामी हिस्ट्रीशीटर रंगीलाल पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
मामला थाना रामपुर कलां क्षेत्र के बगराभारी गांव का है, जहां 5 नवंबर को 35 वर्षीय अनीता की हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
आखिरकार 9 नवंबर को जामनगर-बेधौरा रेलवे पुलिया के पास पुलिस और आरोपी का आमना-सामना हो गया। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान रंगीलाल को गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से एक तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस व दो खोखा कारतूस बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार रंगीलाल थाना रामपुर कलां का हिस्ट्रीशीटर है और उसकी हिस्ट्रीशीट संख्या 398A है। उसके खिलाफ लूट, चोरी, आबकारी और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।



