सहारनपुर: लकड़ी के कारखाने में लगी भीषण आग, दमकल की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

उप्र के सहारनपुर जनपद में आज मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नदीम कॉलोनी स्थित घूघाल मेला चौक पर एक लकड़ी के कारखाने में अचानक भीषण आग लग गई।

सहारनपुर: लकड़ी के कारखाने में लगी भीषण आग, दमकल की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
Published By- Diwaker Mishra

सहारनपुर से अनिल वर्मा/मोहन कश्यप की रिपोर्ट

सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सहारनपुर जनपद में आज मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नदीम कॉलोनी स्थित घूघाल मेला चौक पर एक लकड़ी के कारखाने में अचानक भीषण आग लग गई।

आग इतनी तेजी से फैली कि कारखाने में रखा लकड़ी सहित अन्य सामान इसकी चपेट में आ गया। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई।

दरअसल, मंगलवार सुबह करीब 7 बजे नदीम कॉलोनी के घूघाल मेला चौक स्थित लकड़ी के कारखाने में अचानक आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन अंबाला रोड और बेहट रोड से दमकल की दो गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं।

अग्निशमन कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और कड़ी मशक्कत करते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए कर्मचारियों को लकड़ियों को हटाने और कुरेदने तक की मशक्कत करनी पड़ी।

इस अग्निकांड में आरा मशीन के टूल्स, टायर, रेहड़ा, लकड़ी के फट्टे और स्क्रैप पार्ट्स जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया है और घटनास्थल पर स्थिति सामान्य बताई जा रही है।