कांवड़ यात्रा-2026: मुजफ्फरनगर एसपी सिटी ने बागोवाली चौहारा का किया निरीक्षण, परखी सुरक्षा व यातायात व्यवस्था

उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुगम और दुर्घटनामुक्त संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने सोमवार को थाना नई मंडी क्षेत्र स्थित बागोवाली चौहारा कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया।

कांवड़ यात्रा-2026: मुजफ्फरनगर एसपी सिटी ने बागोवाली चौहारा का किया निरीक्षण, परखी सुरक्षा व यातायात व्यवस्था
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुगम और दुर्घटनामुक्त संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने सोमवार को थाना नई मंडी क्षेत्र स्थित बागोवाली चौहारा कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति व सतर्कता की जांच की तथा उन्हें पूरी मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बागोवाली चौहारा कांवड़ यात्रा का प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट होने के कारण यहां बैरिकेडिंग, डायवर्जन व्यवस्था, सांकेतिक संकेतक, प्रकाश व्यवस्था और यातायात संचालन की समीक्षा की गई।

अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी व्यवस्थाएं लगातार सुचारु रूप से संचालित रहें। एसपी सिटी ने पुलिस बल को श्रद्धालुओं के साथ संवेदनशील व्यवहार रखने, सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी बनाए रखने और समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिवभक्त का सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करते हुए कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और दुर्घटनामुक्त संपन्न कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।