मुजफ्फरनगर में नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, 41 किलो गांजा बरामद, दो गिरफ्तार

इस कार्रवाई के दौरान लगभग 41 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई जा रही है।

मुजफ्फरनगर में नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, 41 किलो गांजा बरामद, दो गिरफ्तार
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट —

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज। जनपद मुजफ्फरनगर में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बुढ़ाना कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये की गांजे की खेप बरामद की है और मौके से दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई के दौरान लगभग 41 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई जा रही है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान आयुष और अर्जुन के रूप में हुई है, जिन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

वहीं इस नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े सतेंद्र, रविंद्र, आर्यन और नीलकमल पुलिस कार्रवाई के दौरान फरार हो गए। पुलिस द्वारा उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिशें दी जा रही हैं और जल्द ही उन्हें भी पकड़ने का दावा किया जा रहा है।

बुढ़ाना कोतवाली पुलिस ने बरामदगी के आधार पर गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि जनपद में नशा तस्करी को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह के अपराधों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।