बहराइच पुलिस का बड़ा एक्शन, नानपारा में मुठभेड़ के दौरान बिजली तार चोर गिरोह के 5 शातिर गिरफ्तार
उप्र के बहराइच जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
बहराइच से रिजवान खान की रिपोर्ट
बहराइच/जनमत न्यूज़। उप्र के बहराइच जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना नानपारा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने सरयू नहर की पटरी पर घेराबंदी कर बिजली के तार काटने वाले गिरोह के 5 शातिर बदमाशों को दबोच लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस से घिरा देख बेखौफ अपराधियों ने जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में गिरोह का एक कुख्यात बदमाश कदीर पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है।
मौके से चार अन्य अभियुक्तों को हिरासत में लिया गया, जबकि एक साथी फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने अपराधियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, मारुति ईको कार, औजार और चोरी के भारी मात्रा में बिजली तार बरामद किए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक ने फॉरेंसिक टीम के साथ मौके का जायजा लिया। इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के अपराधियों में हड़कंप मच गया है।




