मुजफ्फरनगर: 25 हजार का इनामी सतपाल पुलिस मुठभेड़ में ढेर, नाबालिग के अपहरण मामले में था वांछित
उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के थाना सिविल लाइन क्षेत्र के बामनहेड़ी गांव में पुलिस और कुख्यात बदमाश सतपाल उर्फ सत्तू के बीच हुई मुठभेड़ में गोली लगने से घायल आरोपी की उपचार के दौरान मौत हो गई।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के थाना सिविल लाइन क्षेत्र के बामनहेड़ी गांव में पुलिस और कुख्यात बदमाश सतपाल उर्फ सत्तू के बीच हुई मुठभेड़ में गोली लगने से घायल आरोपी की उपचार के दौरान मौत हो गई। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार सतपाल उर्फ सत्तू पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह चार दिन पूर्व एक नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले में वांछित चल रहा था। पीड़िता मंगलवार को सकुशल अपने घर पहुंच गई थी, जिसके बाद पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
बताया गया है कि सतपाल उर्फ सत्तू के खिलाफ लूट, हत्या, रंगदारी, डकैती और दुष्कर्म समेत दो दर्जन से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज थे। वह उप्र, हरियाणा, पंजाब और उत्तराखंड सहित चार राज्यों की पुलिस को लंबे समय से वांछित था। आरोपी फरवरी माह में पंजाब की जेल से फरार हो गया था।
मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल, एक तमंचा, कारतूस और एक कार बरामद की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की विधिक कार्रवाई की जा रही है। कुख्यात अपराधी की मौत के बाद पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली है, जबकि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है।


