मुजफ्फरनगर: मुख्यालय के आदेश का हो रहा उल्लंघन, महिला पीआरडी जवान नहीं हो रही ड्यूटी से पृथक
उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में पीआरडी जवान बाला देवी से जुड़े प्रकरण में अब विभागीय कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में आ गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे आदेश पत्र में स्पष्ट रूप से बाला देवी को तत्काल ड्यूटी से पृथक करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में पीआरडी जवान बाला देवी से जुड़े प्रकरण में अब विभागीय कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में आ गई है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे आदेश पत्र में स्पष्ट रूप से बाला देवी को तत्काल ड्यूटी से पृथक करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद चर्चा है कि वह अभी भी मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय में मौजूद हैं और उनकी तैनाती को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
बताया जा रहा है कि महिला पीआरडी जवान पर फर्जी शैक्षिक अभिलेख, आधार कार्ड एवं अन्य दस्तावेजों में गड़बड़ी के आरोप लगे थे, जिसके बाद मुख्यालय स्तर से जांच के आदेश जारी हुए थे। वायरल आदेश में एक सप्ताह के भीतर बिंदुवार जांच रिपोर्ट मांगी गई थी।
अब सवाल यह उठ रहा है कि जब मुख्यालय से स्पष्ट निर्देश जारी हो चुके हैं तो आखिर उनका पालन क्यों नहीं कराया जा रहा है? मामले को लेकर विभागीय अधिकारियों की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं। वहीं पूरे प्रकरण की चर्चा प्रशासनिक गलियारों में तेज हो गई है।

Janmat News 
