सहारनपुर महिला अस्पताल से नवजात शिशु चोरी, CCTV में कैद हुई संदिग्ध महिला; मचा हड़कंप
उप्र के सहारनपुर के जिला महिला अस्पताल से नवजात शिशु के चोरी होने का मामला सामने आया है। प्रसव के करीब 12 घंटे बाद एक महिला टीका लगवाने के बहाने नवजात को लेकर अस्पताल से बाहर निकल गई।
सहारनपुर से अनिल वर्मा की रिपोर्ट
सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सहारनपुर के जिला महिला अस्पताल से नवजात शिशु के चोरी होने का मामला सामने आया है। प्रसव के करीब 12 घंटे बाद एक महिला टीका लगवाने के बहाने नवजात को लेकर अस्पताल से बाहर निकल गई।
बच्चे के गायब होने की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिला की तलाश शुरू कर दी है। दरअसल, जिला महिला अस्पताल में एक महिला ने बच्चे के पिता से टीका लगवाने के बहाने नवजात को गोद में लिया। इसके बाद महिला ने बच्चे के पिता को टीकाकरण कार्ड लाने के लिए भेज दिया।
बच्चे का पिता जब कार्ड लेकर वापस लौटा, तो महिला नवजात को लेकर वहां से गायब हो चुकी थी। परिजनों ने अस्पताल परिसर और आसपास के इलाके में काफी तलाश की, लेकिन नवजात का कोई सुराग नहीं मिला।
इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची जनकपुरी पुलिस ने अस्पताल परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। CCTV फुटेज में सफेद कपड़े पहने एक महिला नवजात को गोद में लेकर अस्पताल से बाहर निकलती हुई दिखाई दे रही है।
फुटेज सामने आने के बाद पुलिस संदिग्ध महिला की पहचान करने में जुट गई है। पुलिस द्वारा CCTV फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नवजात की तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिला की पहचान और नवजात की बरामदगी के प्रयास में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



