बाइकों की आमने-सामने भीषण टक्कर में तीन युवकों की दर्दनाक मौत

गांव में पड़ोसी के यहां शादी की तैयारियां चल रही थीं और बारात आने वाली थी, लेकिन हादसे की खबर मिलते ही खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।

बाइकों की आमने-सामने भीषण टक्कर में तीन युवकों की दर्दनाक मौत
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

बलरामपुर से गुलाम नबी की रिपोर्ट —

बलरामपुर / जनमत न्यूज। थाना श्रीदत्तगंज क्षेत्र के गालिबपुर चौराहा के पास उतरौला–बलरामपुर मुख्य मार्ग पर देर रात दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार हादसे में ग्राम मुहम्मदनगर के ईमिलिया रज्जाक निवासी 17 वर्षीय आकाश वर्मा पुत्र बृजलाल वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक पर सवार मोहल्ला बलुआ थाना कोतवाली नगर बलरामपुर निवासी 22 वर्षीय आशीष सोनी पुत्र नरेश कुमार सोनी तथा मोहल्ला बड़ा पुल खलवा दक्षिणी निवासी 20 वर्षीय सूरज कश्यप पुत्र गोपाल कश्यप की भी जान चली गई। दोनों युवक एक ही बाइक पर सवार थे।

मृतक आकाश के दादा वंशराज ने बताया कि आकाश अपनी मौसी के यहां धौरहरी गांव सामान देने जा रहा था। इसी दौरान गालिबपुर चौराहा के पास सामने से आ रही बाइक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। काफी देर तक जब वह मौसी के घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने मोबाइल पर संपर्क किया। फोन एक पुलिसकर्मी ने उठाकर हादसे की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही परिवार के लोग बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे। गांव में पड़ोसी के यहां शादी की तैयारियां चल रही थीं और बारात आने वाली थी, लेकिन हादसे की खबर मिलते ही खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।

मृतक आकाश की मां प्रेमा का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता बृजलाल मुंबई में मजदूरी करते हैं, जिन्हें बेटे की मौत की सूचना दे दी गई है। आकाश पांच भाइयों में दूसरे नंबर पर था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।