रायबरेली में चिकित्सा सेवा संघ की नई टीम ने संभाली कमान, मरीजों का भरोसा जीतना होगी पहली प्राथमिकता

प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ, उत्तर प्रदेश की रायबरेली शाखा को सोमवार को नई कार्यकारिणी मिल गई।

रायबरेली में चिकित्सा सेवा संघ की नई टीम ने संभाली कमान, मरीजों का भरोसा जीतना होगी पहली प्राथमिकता
Published By- Diwaker Mishra

रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट

रायबरेली/जनमत न्यूज़। प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ, उत्तर प्रदेश की रायबरेली शाखा को सोमवार को नई कार्यकारिणी मिल गई। शहर के शांति ग्रैंड होटल में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में निर्विरोध निर्वाचित पदाधिकारियों ने पद एवं दायित्व की शपथ लेकर चिकित्सकों के हितों के साथ-साथ मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का संकल्प लिया।

प्रदेश अध्यक्ष डॉ. यशवीर सिंह और प्रदेश सचिव डॉ. शरद वैश्य समेत प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों की मौजूदगी में नई जिला टीम ने शपथ ली।

समारोह में सीएमओ डॉ. मनोज शुक्ला, पूर्व सीएमओ डॉ. वीरेंद्र सिंह, जिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. पुष्पेंद्र कुमार, महिला जिला चिकित्सालय की सीएमएस डॉ. निर्मला कुमारी साहू समेत जिले के विभिन्न अस्पतालों के चिकित्सक मौजूद रहे। नई कार्यकारिणी में डॉ. शिवकुमार को अध्यक्ष, डॉ. ज्ञान प्रताप सिंह सिसोदिया को सचिव बनाया गया है।

वहीं डॉ. अभिषेक सिंह, डॉ. अमल पटेल और डॉ. प्रियंका कुशवाहा उपाध्यक्ष, डॉ. इफ्तिखार अहमद वित्त सचिव तथा डॉ. प्रेमशरण संपादक की जिम्मेदारी संभालेंगे।

चिकित्सक की समस्या अब संगठन की समस्या होगी

शपथ के बाद अध्यक्ष डॉ. शिवकुमार ने साफ किया कि संगठन की प्राथमिकता केवल चिकित्सकों के हितों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि मरीजों और चिकित्सकों के बीच विश्वास कायम करना भी प्रमुख एजेंडा होगा। उन्होंने कहा कि बेहतर इलाज के साथ मरीज के प्रति संवेदनशील व्यवहार और प्रभावी संवाद भी चिकित्सा व्यवस्था का अहम हिस्सा है।

उन्होंने कहा, “अब किसी चिकित्सक की समस्या केवल उसकी व्यक्तिगत समस्या नहीं, बल्कि संगठन की समस्या होगी।चिकित्सकों की समस्याओं को उचित मंच पर मजबूती से उठाकर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा।

साथ ही डॉ. शिवकुमार ने चिकित्सकों से मरीजों और तीमारदारों के साथ धैर्य व सम्मान से पेश आने की अपील की। उन्होंने कहा कि मरीज चिकित्सक के पास अपने स्वास्थ्य और जीवन का भरोसा लेकर आता है, इसलिए उस भरोसे को बनाए रखना चिकित्सक की जिम्मेदारी है।

वहीं उन्होंने स्पष्ट किया कि चिकित्सकों के साथ दुर्व्यवहार या उनकी गरिमा को ठेस पहुंचाने की घटनाओं को भी संगठन गंभीरता से लेगा और नियमानुसार कार्रवाई की मांग करेगा।

प्रदेश अध्यक्ष और सचिव ने नई टीम को बधाई देते हुए संगठन को मजबूत करने तथा जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।

समारोह के अंत में नई कार्यकारिणी ने चिकित्सकों के हितों और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।