प्रतापगढ़: एसपी ने की कानून-व्यवस्था की समीक्षा, थाना प्रभारियों को अपराध रोकने के दिए सख्त निर्देश

उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने रविवार को पुलिस लाइन स्थित साईं कॉम्प्लेक्स में अपराध गोष्ठी आयोजित कर जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की।

प्रतापगढ़: एसपी ने की कानून-व्यवस्था की समीक्षा, थाना प्रभारियों को अपराध रोकने के दिए सख्त निर्देश
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने रविवार को पुलिस लाइन स्थित साईं कॉम्प्लेक्स में अपराध गोष्ठी आयोजित कर जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय समेत सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और संबंधित शाखाओं के प्रभारी मौजूद रहे।

गोष्ठी के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और थाना प्रभारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में अपराध की स्थिति, लंबित मामलों और पुलिस कार्रवाई की जानकारी ली।

उन्होंने अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के साथ ही वांछित और वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज करने के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, गश्त बढ़ाने और अपराध की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने तथा आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने को कहा।

बैठक में महिला एवं बाल अपराध, लंबित विवेचनाओं, जनशिकायतों, यातायात व्यवस्था और आगामी त्योहारों को लेकर सुरक्षा तैयारियों की भी समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त निर्देश दिए।