रायबरेली: पुलिस मुठभेड़ में पांच शातिर चोर गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली; ज्वेलरी चोरी का खुलासा

उप्र के रायबरेली जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मिलएरिया थाना पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता मिली है।

रायबरेली: पुलिस मुठभेड़ में पांच शातिर चोर गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली; ज्वेलरी चोरी का खुलासा
Published By- Diwaker Mishra

रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट

रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के रायबरेली जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मिलएरिया थाना पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त पुलिस टीम ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया।

मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि तीन अन्य को घेराबंदी कर दबोच लिया गया। आरोपियों के कब्जे से रायबरेली और अमेठी में हुई ज्वेलरी चोरी का माल, अवैध तमंचे, कारतूस तथा एक स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 6/7 अगस्त की रात सूचना मिली कि मिलएरिया थाना क्षेत्र के ग्राम लोनियन का पुरवा स्थित शारदा नहर पुल के पास कुछ बदमाश चोरी के माल का बंटवारा कर रहे हैं और आगे चोरी की वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में शिवकुमार और बबलू के पैर में गोली लगी। दोनों को उपचार के लिए सीएचसी अमांवा भेजा गया। वहीं राकेश उर्फ छोटे, लवकुश और सागर वर्मा को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ और बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मिलएरिया थाना क्षेत्र के तकिया चौराहा स्थित ज्वेलर्स की दुकानों में 3/4 अगस्त की रात हुई चोरी तथा अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का खुलासा किया है।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कुल 12.80 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद हुए हैं। इनमें 4.460 किलोग्राम आभूषण अमेठी के मोहनगंज थाना क्षेत्र में हुई चोरी से संबंधित बताए गए हैं, जबकि शेष आभूषण रायबरेली के मिलएरिया थाना क्षेत्र में हुई चोरी से जुड़े हैं।

इसके अलावा दो अवैध तमंचे (315 बोर), दो खोखा कारतूस, एक मिस कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा स्विफ्ट डिजायर कार (UP32NV1225) भी बरामद की गई।

गिरफ्तार आरोपियों में शिवकुमार पुत्र बाबूलाल, बबलू पुत्र भुलई, राकेश उर्फ छोटे पुत्र भुलई, लवकुश पुत्र हिमाचल तथा सागर वर्मा पुत्र रघुनंदन प्रसाद शामिल हैं। सभी आरोपी सीतापुर और लखीमपुर जनपद के निवासी हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। इस कार्रवाई में थाना मिलएरिया पुलिस एवं एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम शामिल रही।

पुलिस का कहना है कि मुठभेड़ के दौरान पुलिस टीम का कोई भी सदस्य घायल नहीं हुआ और आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।