रायबरेली में अवैध हुक्का बार पर पुलिस का शिकंजा, चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस कार्रवाई के दौरान कैफे के भीतर हुक्का बार अवैध रूप से संचालित पाया गया, जहां ग्राहक हुक्का का सेवन कर रहे थे।

रायबरेली में अवैध हुक्का बार पर पुलिस का शिकंजा, चार आरोपी गिरफ्तार
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

रायबरेली से महाताब खान की रिपोर्ट —

रायबरेली/जनमत न्यूज। जनपद में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना मिलएरिया पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अमावा रोड स्थित ए–3 कैफे, रतापुर में छापेमारी कर अवैध रूप से संचालित हुक्का बार का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस कार्रवाई के दौरान कैफे के भीतर हुक्का बार अवैध रूप से संचालित पाया गया, जहां ग्राहक हुक्का का सेवन कर रहे थे। मौके से पुलिस ने चार व्यक्तियों को हिरासत में लिया, जिनकी पहचान अभिनव चौधरी, निखिल यादव, आशीष सरोज एवं शिवा सरोज के रूप में हुई है। सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने कैफे से आठ पैकेट तंबाकू, तीन हुक्का पाइप, चार हुक्का फ्लेवर सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की। बरामद सामग्री को जब्त कर लिया गया है। इस संबंध में थाना मिलएरिया में सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा) तथा भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोकने के उद्देश्य से इस प्रकार की अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध हुक्का बार, नशे के अड्डों और नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।