हरदोई में कांवड़ यात्रा के लिए गंगाजल लेने गए तीन युवक डूबे, एक को बचाया गया
उप्र के हरदोई जनपद के अरवल थाना क्षेत्र की चौंसार ग्राम पंचायत स्थित कुसुमखोर गंगा घाट पर सोमवार सुबह कांवड़ यात्रा के लिए गंगाजल लेने गए 3 युवक नदी के तेज बहाव में डूबने लगे।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद के अरवल थाना क्षेत्र की चौंसार ग्राम पंचायत स्थित कुसुमखोर गंगा घाट पर सोमवार सुबह कांवड़ यात्रा के लिए गंगाजल लेने गए 3 युवक नदी के तेज बहाव में डूबने लगे।
जिनमे से एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया जबकि दो युवक डूबकर बह गए है जिनकी तलाश जारी है। हादसे के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार चौंसार निवासी ऋषि पुत्र छदामी, नारद पुत्र गोविंद और शिवम कुशवाहा सोमवार सुबह करीब 4 बजे कुसुमखोर गंगा घाट पर जल भरने पहुंचे थे। यहां से जल लेकर उन्हें कन्नौज के गौरी शंकर मंदिर जाना था।
जल भरते समय पानी की गहराई का अंदाजा न होने के कारण तीनों अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गए और डूबने लगे। घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो स्थानीय गोताखोरों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। गोताखोरों ने शिवम कुशवाहा को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन ऋषि और नारद गहरे पानी में समा गए।
हादसे की सूचना मिलते ही एएसपी पश्चिमी मार्तण्ड प्रकाश सिंह, उप जिलाधिकारी सवायजपुर अंकित तिवारी, नायब तहसीलदार राजेश पटेल और थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह पुलिस बल व अग्निशमन टीम के साथ मौके पर पहुंचे। लापता युवकों की तलाश के लिए नदी में स्थानीय गोताखोरों की मदद से सघन रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।


