बहराइच में शिक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल, कबाड़ी की दुकान पर मिलीं नि:शुल्क बांटी जाने वाली किताबें
बहराइच जनपद के थाना रामगांव क्षेत्र के मेटकहा मोड़ के पास दिलशाद कबाड़ी की दुकान पर भारी मात्रा में सरकारी प्राइमरी विद्यालयों में नि:शुल्क बांटी जाने वाली किताबें रद्दी के भाव बेची जाती हुई मिलीं।
बहराइच से रिजवान खान की रिपोर्ट
बहराइच/जनमत न्यूज़। उप्र के बहराइच जनपद में शिक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। जनपद के थाना रामगांव क्षेत्र के मेटकहा मोड़ के पास दिलशाद कबाड़ी की दुकान पर भारी मात्रा में सरकारी प्राइमरी विद्यालयों में नि:शुल्क बांटी जाने वाली किताबें रद्दी के भाव बेची जाती हुई मिलीं।
बताया जा रहा है कि ये वही पुस्तकें हैं जो गरीब बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए योगी सरकार की सर्व शिक्षा अभियान के तहत मुफ्त वितरित की जाती हैं। लेकिन यहां ये किताबें कबाड़ के ढेर में दम तोड़ती नजर आईं।
वायरल वीडियो में ट्राले से सरकारी किताबों का जखीरा जिले से बाहर भेजने की तैयारी भी दिखाई दे रही है। मामला सामने आने के बाद जिलाधिकारी ने पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दे दिए हैं और जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।
अब बड़ा सवाल यह है कि मासूमों के भविष्य की ये किताबें कबाड़ी तक कैसे पहुंचीं? जनमत टीवी इस खबर पर लगातार नजर बनाए हुए है।


