बलरामपुर में हुई दर्दनाक घटना, आम के बाग में लगे कटीले तार में फंसकर तेंदुए की मौत
उप्र के बलरामपुर के सोहेलवा वन्यजीव प्रभाग के बनकटवा रेंज क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। बनकटवा रेंज अंतर्गत चौधरीडीह गांव के दक्षिण जंगल से भटककर आई करीब तीन वर्ष की एक मादा तेंदुआ आम के बाग में लगे तार में फंस गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट
बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर के सोहेलवा वन्यजीव प्रभाग के बनकटवा रेंज क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। बनकटवा रेंज अंतर्गत चौधरीडीह गांव के दक्षिण जंगल से भटककर आई करीब तीन वर्ष की एक मादा तेंदुआ आम के बाग में लगे तार में फंस गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 8 बजे मादा तेंदुआ जंगल से निकलकर चौधरीडीह गांव के बाहरी क्षेत्र में पहुंच गई। इस दौरान वह आम के बाग में बंधे तार में उलझ गई और उसकी गर्दन तार में फंस गई। तेंदुआ काफी देर तक खुद को छुड़ाने का प्रयास करता रहा, लेकिन सफल नहीं हो सका और अंततः उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
आम के बाग की रखवाली कर रहे लोगों ने तेंदुए को फंसा देखा तो शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को बुलाया। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने पर वन क्षेत्राधिकारी शत्रोहन लाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर रेंज कार्यालय पहुंचाया।
इस संबंध में एसडीओ मनोज कुमार ने बताया कि चिकित्सकों की एक पैनल टीम गठित कर बनकटवा रेंज पर तेंदुए का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। साथ ही वन विभाग की टीम पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन्यजीवों की सुरक्षा और जंगल क्षेत्र के आसपास सतर्कता बढ़ाने की मांग की है।


