अयोध्या से प्रयागराज तक आम आदमी पार्टी की ‘रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा हुआ शुरू
राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि यह यात्रा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों की आवाज है। प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और सामाजिक असमानता के खिलाफ यह आंदोलन जन आंदोलन का रूप लेगा।
अयोध्या/जनमत न्यूज। आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवार को अयोध्या से “रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो” सरयू से संगम पदयात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा का नेतृत्व राज्यसभा सांसद संजय सिंह कर रहे हैं। शुरुआत में संजय सिंह ने अपनी टीम के साथ मां सरयू का विधिवत पूजन-अर्चन किया। लखनऊ से आए पुरोहित मनोज मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा संपन्न कराई।
पूजन के बाद यात्रा सरयू तट से रवाना होकर केसरवानी लॉन पहुंची, जहां एक छोटी जनसभा आयोजित की गई। जनसभा के बाद पदयात्रा प्रयागराज के संगम के लिए रवाना हुई। यह यात्रा लगभग 180 किलोमीटर लंबी होगी और 24 नवंबर को प्रयागराज पहुंचकर संपन्न होगी।
पदयात्रा के दौरान कुल 24 पड़ाव होंगे, जहां छोटी जनसभाएं और रात्रि विश्राम का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं को रोजगार और समाज में समान न्याय की मांग को लेकर जनजागरण करना है।
राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि यह यात्रा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों की आवाज है। प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और सामाजिक असमानता के खिलाफ यह आंदोलन जन आंदोलन का रूप लेगा।
आम आदमी पार्टी इस पदयात्रा के माध्यम से 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए भी अपनी जमीन मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। यात्रा के जरिए पार्टी प्रदेश के हर वर्ग तक अपनी पहुंच बनाना चाहती है और विधानसभा चुनाव की तैयारियों का बिगुल फूंक चुकी है।


