तेज धमाके से मकान जमींदोज, दो की मौत, दो गंभीर घायल; गैस सिलेंडर रिसाव से ब्लास्ट की आशंका

मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने के लिए बुलडोजर की मदद से मलबा हटाने का काम किया जा रहा है। पुलिस और राहत टीमों द्वारा लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है

तेज धमाके से मकान जमींदोज, दो की मौत, दो गंभीर घायल; गैस सिलेंडर रिसाव से ब्लास्ट की आशंका
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

वाराणसी से उमेश सिंह की रिपोर्ट —

वाराणसी/जनमत न्यूज। वाराणसी के मंडुआडीह थाना क्षेत्र स्थित लहरतारा इलाके में तेज धमाके के साथ एक मकान जमींदोज हो गया। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक हुए जोरदार धमाके से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी और देखते ही देखते मकान मलबे में तब्दील हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने के लिए बुलडोजर की मदद से मलबा हटाने का काम किया जा रहा है। पुलिस और राहत टीमों द्वारा लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि मलबे के नीचे कोई और व्यक्ति तो नहीं दबा है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गैस सिलेंडर में रिसाव के चलते विस्फोट होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा।