फोन पर बात कर रहे बस चालक ने खोया नियंत्रण, 11 बराती घायल
मंगलवार की सुबह बारात वापस लौट रही थी, तभी कटरा–बिल्हौर हाईवे पर लमकन गांव के पास चालक फोन पर बात करने लगा। तेज रफ्तार और असावधानी के कारण वह बस से नियंत्रण खो बैठा, जिसके परिणामस्वरूप बस सड़क किनारे स्थित गहरी खाई में जा समाई।
हरदोई/जनमत न्यूज़। जनपद के सांडी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा उस समय हो गया जब बारातियों से भरी एक प्राइवेट बस चालक की लापरवाही के चलते अनियंत्रित होकर खाई में जा घुसी। हादसे में 11 बराती गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सीएचसी हरपालपुर में भर्ती कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अरवल थाना क्षेत्र के दहेलिया गांव निवासी धर्मपाल के पुत्र सुनीति की बारात बांगरमऊ गई हुई थी। मंगलवार की सुबह बारात वापस लौट रही थी, तभी कटरा–बिल्हौर हाईवे पर लमकन गांव के पास चालक फोन पर बात करने लगा। तेज रफ्तार और असावधानी के कारण वह बस से नियंत्रण खो बैठा, जिसके परिणामस्वरूप बस सड़क किनारे स्थित गहरी खाई में जा समाई।
हादसे में दहेलिया गांव निवासी रामसरन (72), पंकज (29), देवदत्त (15), विमल (25), दीपक (12), अंकित (15), करन (6), रामपाल (70), रामरूप (30), गुलशन (28) और करन (15) घायल हो गए। ग्रामीणों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही हरपालपुर पुलिस और क्षेत्राधिकारी बिलग्राम रवि प्रकाश भी मौके पर पहुंचे। सीओ ने बताया कि बस चालक की लापरवाही प्रारंभिक कारण प्रतीत हो रही है, मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद क्षेत्र में दहशत और बारातियों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Janmat News 
