हरदोई: एसटीएफ और शाहाबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 13 साल से फरार 50 हजार का इनामी गिरफ्तार

उप्र के हरदोई जनपद में पिछले 13 वर्षों से पुलिस को चकमा दे रहा 50 हजार रुपये का इनामी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

हरदोई: एसटीएफ और शाहाबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 13 साल से फरार 50 हजार का इनामी गिरफ्तार
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद में पिछले 13 वर्षों से पुलिस को चकमा दे रहा 50 हजार रुपये का इनामी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। शाहाबाद पुलिस और एसटीएफ कानपुर यूनिट की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को आंझी रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान विपिन सिंह उर्फ राजू निवासी शाहाबाद के रूप में हुई है। उस पर लखनऊ रेंज के आईजी द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस के अनुसार वह वर्ष 2013 में हुए एक हत्या के मामले में वांछित था और तभी से फरार चल रहा था।पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी आंझी रेलवे स्टेशन के आसपास मौजूद है।

इस पर शाहाबाद पुलिस और एसटीएफ कानपुर यूनिट की टीम ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और 670 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार विपिन सिंह उर्फ राजू के खिलाफ हत्या, गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थाना प्रभारी शाहाबाद अरविंद कुमार राय, एसटीएफ कानपुर यूनिट की टीम और पुलिस के अन्य जवान शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।