चंदौली: छात्राओं से यौन उत्पीड़न के मामले में कांग्रेस के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन, निकाली विरोध रैली

छात्राओं के साथ कथित यौन उत्पीड़न के मामले को लेकर सोमवार को उप्र के चंदौली जिले में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यालय से कांग्रेस कार्यालय तक विरोध रैली निकाली गई।

चंदौली: छात्राओं से यौन उत्पीड़न के मामले में कांग्रेस के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन, निकाली विरोध रैली
Published By- Diwaker Mishra

चंदौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट

चंदौली/जनमत न्यूज़। छात्राओं के साथ कथित यौन उत्पीड़न के मामले को लेकर सोमवार को उप्र के चंदौली जिले में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यालय से कांग्रेस कार्यालय तक विरोध रैली निकाली गई।

इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर जमकर नारेबाजी की और मामले में कांग्रेस नेतृत्व से जवाबदेही की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने 11 छात्राओं से कथित यौन उत्पीड़न के मामले को गंभीर बताते हुए महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं सम्मान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।

महिला कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस को घेरते हुए उसके कथित दोहरे चरित्र पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं के सम्मान तथा सुरक्षा से जुड़े मामलों में राजनीतिक दलों को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए और ऐसे मामलों पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए।

विरोध रैली के माध्यम से भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस नेतृत्व से पूरे मामले पर अपना पक्ष स्पष्ट करने की मांग की। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए और किसी भी मामले में पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए गंभीरता से कदम उठाए जाने चाहिए।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कोषाध्यक्ष रानिका जायसवाल ने इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं के सम्मान और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कांग्रेस से मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की।

भाजपा महिला मोर्चा का यह प्रदर्शन छात्राओं से कथित उत्पीड़न के मामले को लेकर कांग्रेस पर राजनीतिक दबाव बनाने और महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे को जनमानस के बीच उठाने के उद्देश्य से किया गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया।