कुशीनगर: DM-ADM का ARTO कार्यालय में औचक छापा, तीन ऑनलाइन सेंटर संचालकों से पूछताछ
उप्र के कुशीनगर जनपद में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जिलाधिकारी संजय चौहान और एडीएम पवन कुमार संयुक्त रूप से अचानक ARTO कार्यालय पहुंच गए।
कुशीनगर से प्रदीप यादव की रिपोर्ट
कुशीनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के कुशीनगर जनपद में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जिलाधिकारी संजय चौहान और एडीएम पवन कुमार संयुक्त रूप से अचानक ARTO कार्यालय पहुंच गए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने खुद ड्राइविंग लाइसेंस के आवेदक से टेस्टिंग ट्रैक पर बाइक चलवाकर ड्राइविंग की परीक्षा देखी। इसके साथ ही कार्यालय में फाइलों के रखरखाव, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था जांची और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
वहीं, ARTO कार्यालय के आसपास ऑनलाइन सेवाएं देने वाले तीन सेंटर संचालकों और ऑपरेटरों को पुलिस पूछताछ के लिए थाने ले गई। शिकायत थी कि कम समय में दूसरे स्थानों के ड्राइविंग लाइसेंस बनवाए जा रहे हैं। पुलिस की कार्रवाई के दौरान दिल्ली नंबर की गाड़ी देखकर दिल्ली साइबर पुलिस के आने की अफवाह फैल गई।
हालांकि, रविंद्रनगर धूस के थानाध्यक्ष अमित सिंह ने स्पष्ट किया कि दिल्ली पुलिस की कोई टीम नहीं आई है। स्थानीय पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।



