अनुराग कश्यप की ब्राह्मण समाज पर टिप्पणी को लेकर शिकायत दर्ज
Bollywood News:फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप एक बार फिर विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। ब्राह्मण समाज को लेकर सोशल मीडिया पर की गई उनकी टिप्पणी के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है।

Filmy News:फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप एक बार फिर विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। ब्राह्मण समाज को लेकर सोशल मीडिया पर की गई उनकी टिप्पणी के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। अब उनके खिलाफ मुंबई पुलिस आयुक्त के पास औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है।
अनुराग कश्यप द्वारा फिल्म ‘फुले’ के प्रचार के दौरान इंस्टाग्राम पर किए गए पोस्ट में ब्राह्मण समुदाय को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया था, जिससे समुदाय में रोष फैल गया। यह पोस्ट अब "हेट स्पीच" के दायरे में आ गया है, ऐसा आरोप लगाया गया है।
बॉम्बे हाईकोर्ट से जुड़े वकील आशीष राय और पंकज मिश्रा ने इस मामले को गंभीर बताते हुए मुंबई पुलिस कमिश्नर से अनुरोध किया है कि अनुराग कश्यप के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उनकी शिकायत में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 196, 197, 298, 302, 356 (3), 356 (4) और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है।
शिकायत में विशेष रूप से सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय अश्विनी कुमार बनाम यूनियन ऑफ इंडिया [WP(C) No. 943/2021] का उल्लेख किया गया है, जिसमें शीर्ष अदालत ने हेट स्पीच जैसी घटनाओं पर राज्य सरकारों को स्वतः संज्ञान लेकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया था, ताकि सामाजिक सौहार्द बना रहे।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यह पोस्ट केवल प्रचार पाने के उद्देश्य से किया गया था और इसका मकसद ब्राह्मण समाज की छवि को नुकसान पहुंचाना था।