हरदोई में पेट्रोल पंप कर्मचारी से मारपीट, CCTV में कैद हुई दबंगई; अज्ञात आरोपियों पर मुकदमा दर्ज

उप्र के हरदोई जनपद के पिहानी क्षेत्र में स्थित एक सीएनजी पेट्रोल पंप पर दबंगई का मामला सामने आया है। यहां सीएनजी डलवाने आए चार लोगों ने पंप कर्मचारी के साथ जमकर मारपीट कर दी।

हरदोई में पेट्रोल पंप कर्मचारी से मारपीट, CCTV में कैद हुई दबंगई; अज्ञात आरोपियों पर मुकदमा दर्ज
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद के पिहानी क्षेत्र में स्थित एक सीएनजी पेट्रोल पंप पर दबंगई का मामला सामने आया है। यहां सीएनजी डलवाने आए चार लोगों ने पंप कर्मचारी के साथ जमकर मारपीट कर दी। पूरी घटना पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई,जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

यह पूरी घटना पिहानी-हरदोई मार्ग स्थित सीएनजी पेट्रोल पंप की है यहाँ के घायल कर्मचारी पिंटू यादव निवासी भकुरहा, थाना पिसावां,जनपद सीतापुर ने बताया कि पिकअप वाहन में सवार लोग सीएनजी भरवाने आए थे।

भुगतान के दौरान फटे नोट को बदलने की बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।आरोप है कि इसी विवाद के बाद चारों लोगों ने पिंटू यादव के साथ मारपीट शुरू कर दी,जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद घायल कर्मचारी ने पिहानी थाने पहुंचकर तहरीर दी।

पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर पिकअप सवार अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।