सहारनपुर में पहले खाली घरों की रेकी, फिर चोरी; चिलकाना पुलिस ने चार आरोपियों को दबोचा
उप्र के सहारनपुर जनपद की थाना चिलकाना पुलिस ने ग्राम सीकरी कलां में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
सहारनपुर से अनिल वर्मा की रिपोर्ट
सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सहारनपुर जनपद की थाना चिलकाना पुलिस ने ग्राम सीकरी कलां में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, 18 सितंबर को कार्तिक पुत्र रामकुमार के घर से अज्ञात चोर दिनदहाड़े 16 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए थे। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
एसएसपी सहारनपुर के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी अक्षय शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आज मुखबिर की सूचना पर साइफन की पुलिया के पास से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सन्नी, कार्तिक, अभिषेक और अजहर के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो जोड़ी पायल, एक नाक की लौंग, एक पीली धातु का पेंडल, 2200 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में तीन आरोपियों ने बताया कि वे दिन में घूमकर ऐसे घरों की तलाश करते थे, जो खाली मिलते थे। इसके बाद घर में घुसकर चोरी करते और सामान आपस में बांट लेते थे। आरोपियों ने ग्राम सीकरी में हुई चोरी की घटना में शामिल होने की बात भी बताई।
पुलिस के मुताबिक, चोरी के कुछ सोने के सामान को सहारनपुर में अजहर नामक सुनार को बेचने की बात सामने आई है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।



