हरदोई की जिला पंचायत अध्यक्ष ने सीएम योगी से की मुलाकात, सौंपे विकास और जनहित के 11 प्रस्ताव
उप्र के हरदोई की जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। यह शिष्टाचार भेंट मुख्यमंत्री के सरकारी आवास 5 कालिदास मार्ग पर हुई।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई की जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। यह शिष्टाचार भेंट मुख्यमंत्री के सरकारी आवास 5 कालिदास मार्ग पर हुई।
इस दौरान सदस्य राष्ट्रीय परिषद एवं क्षेत्रीय महामंत्री अनु. मोर्चा अवध क्षेत्र भाजपा पी. के. वर्मा और डॉ. नीरज भी मौजूद थे। मुलाकात के दौरान हरदोई जनपद की विभिन्न जनहित समस्याओं और विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा की गई।
अध्यक्ष प्रेमावती ने मुख्यमंत्री को जिला पंचायत हरदोई द्वारा प्रकाशित स्मारिका "संकल्प पथ" भेंट की और जनपद के विकास एवं जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान का अनुरोध किया। प्रेमावती ने मुख्यमंत्री के समक्ष हरदोई के विकास से जुड़े 11 सूत्रीय महत्वपूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत किए।
इनमें राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना, मुख्यालय से सभी विकास खंडों तक इलेक्ट्रिक बस सेवा का शुभारंभ, प्रेस क्लब भवन का निर्माण, चौरासी कोसीय परिक्रमा मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, तथा कचहरी परिसर और अधिवक्ता चैंबरों का आधुनिकीकरण शामिल हैं।
अन्य प्रमुख प्रस्तावों में इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान की तर्ज पर आधुनिक प्रेक्षागृह का निर्माण, विकासखंड सुरसा में उच्च स्तरीय स्पोर्ट्स स्टेडियम, आधुनिक ट्रैफिक प्रबंधन प्रणाली, भगवान नरसिंह एवं भक्त प्रह्लाद की भव्य प्रतिमा की स्थापना, सांडी पक्षी विहार एवं धोबिया आश्रम का विकास और सर्किट हाउस का निर्माण शामिल थे।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को दो अलग-अलग ज्ञापन भी सौंपे। इनमें चौरासी कोसीय परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के साथ-साथ सांडी पक्षी विहार एवं धोबिया आश्रम के पर्यटन विकास और सौंदर्याकरण की मांग की गई थी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनहित से जुड़े इन सभी प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

Janmat News 
