चंदौली में भीषण सड़क हादसा: दो बाइकों की टक्कर में 2 युवकों की मौत, 2 गंभीर घायल

पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

चंदौली में भीषण सड़क हादसा: दो बाइकों की टक्कर में 2 युवकों की मौत, 2 गंभीर घायल
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

चंदौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट —

चंदौली/जनमत न्यूज। जनपद चंदौली के चकिया कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बैरी गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चार युवक दो अलग-अलग बाइकों पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। जैसे ही वे बैरी गांव के समीप पहुंचे, अचानक दोनों बाइकों के बीच आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई।

इस हादसे में बाइक चला रहे अंश पटेल (निवासी मैनपुर) और सूरज गोंड़ (निवासी बिसौराकला, मिर्जापुर) की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक पर सवार अनुराग (निवासी रामपुर कला) और श्लोक (निवासी बैरी कला) गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।