इंस्टाग्राम प्यार बना हाई वोल्टेज ड्रामा, विवाहिता टॉवर पर चढ़ी, ससुराल बुलाने की जिद
जेठूपुर गांव में एक विवाहिता मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई और पति व सास को बुलाने की जिद पर अड़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
भदोही से आनंद तिवारी की रिपोर्ट —
भदोही / जनमत न्यूज। भदोही जनपद के औराई क्षेत्र में सोशल मीडिया पर शुरू हुई प्रेम कहानी बुधवार को हाई वोल्टेज ड्रामे में बदल गई। जेठूपुर गांव में एक विवाहिता मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई और पति व सास को बुलाने की जिद पर अड़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
जानकारी के अनुसार महिला करीब दो माह पहले इंस्टाग्राम पर हुए प्रेम संबंध के बाद अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई थी। बताया जा रहा है कि दोनों ने साथ रहने का फैसला किया, लेकिन कुछ ही दिनों में प्रेमी के पास पैसे खत्म हो गए और दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। इसके बाद महिला ने प्रेमी के साथ रहने से इनकार कर दिया।
महिला फिर वापस अपने ससुराल पहुंची और पति के साथ रहने की इच्छा जताई, लेकिन प्रेमी संग भागने से नाराज ससुराल पक्ष ने उसे दोबारा अपनाने से साफ मना कर दिया। इससे आहत होकर महिला मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई और पति व सास को मौके पर बुलाने की मांग करने लगी।
सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम ने तत्काल महिला के पति और सास को मौके पर बुलाया। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद महिला टॉवर से नीचे उतरी। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली। टना के बाद पूरे इलाके में इस अनोखे प्रेम प्रसंग और हाई वोल्टेज ड्रामे की चर्चा जोरों पर है।

Janmat News 
