अयोध्या की धन्नीपुर मस्जिद परियोजना में बड़ा बदलाव, अब छोटे स्वरूप में बनेगी मस्जिद
उप्र के अयोध्या-लखनऊ हाईवे के सोहावल क्षेत्र स्थित धन्नीपुर में प्रस्तावित मस्जिद परियोजना के स्वरूप में बड़ा बदलाव किया गया है।
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र के अयोध्या-लखनऊ हाईवे के सोहावल क्षेत्र स्थित धन्नीपुर में प्रस्तावित मस्जिद परियोजना के स्वरूप में बड़ा बदलाव किया गया है। फंड की कमी और प्रशासनिक मंजूरियों में हो रही देरी के चलते अब मस्जिद अपने पहले प्रस्तावित भव्य स्वरूप में नहीं बनाई जाएगी, बल्कि प्रारंभिक चरण में छोटे आकार की मस्जिद का निर्माण कराया जाएगा।
यह जानकारी सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड के सदस्य मोहम्मद आजम कादरी ने मीडिया से बातचीत के दौरान दी। उन्होंने बताया कि पहले इस परियोजना पर लगभग 300 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना थी, जिसके तहत मस्जिद के साथ अस्पताल, म्यूजियम, रिसर्च सेंटर और कम्युनिटी किचन जैसे कई जनोपयोगी संस्थान विकसित किए जाने थे।
हालांकि, पर्याप्त चंदा नहीं मिलने और विभिन्न प्रशासनिक स्वीकृतियों में विलंब के कारण फिलहाल योजना को सीमित कर दिया गया है। अब पहले चरण में केवल मस्जिद का निर्माण कराया जाएगा।
धन्नीपुर परियोजना का संचालन इंडो-इस्लामिक कल्चरल फाउंडेशन कर रहा है। यह भूमि सुप्रीम कोर्ट के वर्ष 2019 के अयोध्या फैसले के बाद मुस्लिम पक्ष को आवंटित की गई 5 एकड़ जमीन पर विकसित की जा रही है।
ट्रस्ट के अनुसार, संशोधित योजना के तहत मस्जिद का निर्माण लगभग एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही यह भी कहा गया है कि भविष्य में यदि पर्याप्त धनराशि उपलब्ध होती है तो परियोजना को अपने मूल विस्तृत स्वरूप में विकसित किया जाएगा।


