बहराइच में आदमखोर भेड़िये का हमला, ढाई साल की बच्ची की मौत, दहशत में ग्रामीण
पिछले 15 दिनों में भेड़िये के हमले में अब तक तीन बच्चों की मौत हो चुकी है, जबकि एक बच्चा लापता है।
बहराइच/जनमत न्यूज। कैसरगंज रेंज के मझारा तौकली ग्राम पंचायत के बाबा पटाव गांव में बुधवार को आदमखोर भेड़िये ने फिर हमला बोल दिया। ढाई साल की मासूम बच्ची मां के पास खेल रही थी, तभी भेड़िया अचानक झपट्टा मारकर उसे जबड़े में दबोच खेत की ओर ले गया।
ग्रामीणों ने घेराबंदी कर बच्ची को छुड़ा लिया, लेकिन तब तक मासूम का एक हाथ भेड़िया खा चुका था और उसकी गर्दन पर गहरे जख्म हो गए थे। परिजन बच्ची को अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
पिछले 15 दिनों में भेड़िये के हमले में अब तक तीन बच्चों की मौत हो चुकी है, जबकि एक बच्चा लापता है। इन घटनाओं में 17 लोग घायल भी हुए हैं। लगातार हमलों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग अब तक भेड़िये को पकड़ने में नाकाम रहा है।
डीएफओ बहराइच रामसिंह यादव ने बताया कि वन विभाग की टीमें सक्रिय हैं और भेड़िये को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भी सितंबर-अक्टूबर माह में महसी इलाके में भेड़िये ने 11 बच्चों और एक महिला की जान ले ली थी तथा 50 से अधिक लोग घायल हुए थे। उस समय सात खूंखार भेड़ियों को पकड़ा गया था।


