लाल किला धमाका मामले में NIA ने की चार और गिरफ्तारी, सभी ने हमले में निभाई अहम भूमिका

NIA ने 10 नवंबर को दिल्ली में लाल किले के बाहर हुए विस्फोट में शामिल चार और मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

लाल किला धमाका मामले में NIA ने की चार और गिरफ्तारी, सभी ने हमले में निभाई अहम भूमिका
Published By- Diwaker Mishra

नई दिल्ली/जनमत न्यूज़। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने 10 नवंबर को दिल्ली में लाल किले के बाहर हुए विस्फोट में शामिल चार और मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अब इस मामले में गिरफ्तारियों की कुल संख्या छह हो गई है। पटियाला हाउस कोर्ट के जिला सत्र न्यायाधीश के पेशी आदेश पर NIA ने चारों आरोपियों को जम्मू और कश्मीर से हिरासत में लिया है।

सभी ने हमले में निभाई अहम भूमिका

NIA ने आरोपियों की पहचान पुलवामा (जम्मू-कश्मीर) निवासी डॉ. मुजम्मिल शकील गनई, अनंतनाग (जम्मू-कश्मीर) निवासी डॉ. अदील अहमद राथर, लखनऊ (उप्र) निवासी डॉ. शाहीन सईद और शोपियां (जम्मू-कश्मीर) निवासी मुफ्ती इरफान अहमद वागे के रूप में की है। NIA की जांच के अनुसार, इन सभी ने इस आतंकवादी हमले में अहम भूमिका निभाई थी, जिसमें कई निर्दोष लोग मारे गए थे और कई अन्य घायल हुए थे।

पहले हो चुकी इनकी गिरफ्तारी

मामले की जांच में तेजी लाते हुए, NIA ने पहले ही दो अन्य आरोपियों आमिर राशिद अली, जिसके नाम पर विस्फोट में इस्तेमाल की गई कार पंजीकृत थी और जसीर बिलाल वानी उर्फ दानिश, जिसने इस घातक हमले में शामिल आतंकवादी को तकनीकी सहायता प्रदान की थी, को गिरफ्तार कर लिया था। आरसी-21/2025/NIA/DLI मामले में पूरी आतंकी साजिश का पर्दाफाश करने के NIA के प्रयासों के तहत उनसे पूछताछ जारी है।

धमाके में अब तक हुई 15 लोगों की मौत

गौरतलब है कि 10 नवंबर को लाल किले के पास हुए धमाके में 15 निर्दोष लोगों की मौत हुई थी और कई घायल हुए थे। एनआईए ने कहा है कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और आने वाले दिनों में और भी खुलासे हो सकते हैं। एजेंसी ने इस मॉड्यूल के अन्य सदस्यों और इसके सपोर्ट नेटवर्क की पहचान के लिए तलाशी अभियान और पूछताछ की प्रक्रिया भी तेज कर दी है।