एटा महोत्सव में कन्हैया मित्तल ने दी प्रस्तुति, बच्चे से खरीदे गुब्बारे; दिए 4 हजार रुपए
भजन गायक कन्हैया मित्तल ने एटा महोत्सव में अपनी प्रस्तुति के दौरान मानवता की मिसाल पेश की। उन्होंने शनिवार देर रात मंच पर एक 11 वर्षीय गुब्बारे बेचने वाले बच्चे को बुलाया और उससे 4,000 रुपये में गुब्बारे खरीदे।
एटा से नंद कुमार की रिपोर्ट
एटा/ जनमत न्यूज़। भजन गायक कन्हैया मित्तल ने एटा महोत्सव में अपनी प्रस्तुति के दौरान मानवता की मिसाल पेश की। उन्होंने शनिवार देर रात मंच पर एक 11 वर्षीय गुब्बारे बेचने वाले बच्चे को बुलाया और उससे 4,000 रुपये में गुब्बारे खरीदे।
हजारों की भीड़ के बीच ठिठुरते हुए गुब्बारे बेच रहे इस बच्चे पर कन्हैया मित्तल की नज़र पड़ी। उन्होंने उसे मंच पर बुलाया और गुब्बारों की कीमत पूछी। बच्चे ने 4,000 रुपये बताए, जिसके बाद मित्तल ने तुरंत भुगतान कर गुब्बारे खरीद लिए। इस दरियादिली से बच्चे के चेहरे पर खुशी लौट आई और उसने मित्तल के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।
एटा महोत्सव के तहत राजकीय कृषि एवं विकास प्रदर्शनी में आयोजित इस कार्यक्रम में कन्हैया मित्तल ने अपनी शानदार भजन संध्या प्रस्तुत की। उन्होंने लगभग 90 मिनट तक मंच पर प्रस्तुति दी, जिसमें खाटू श्याम, राधा कृष्ण, माता रानी और लंगुरिया जैसे भक्ति गीत शामिल थे।
मित्तल के भजनों पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु झूम उठे और पूरा पंडाल भक्तिमय हो गया। आयोजकों के अनुसार, 'कन्हैया मित्तल नाइट' भजन संध्या एटा महोत्सव का अब तक का सबसे ऐतिहासिक और यादगार कार्यक्रम साबित हुई, जिसमें विशाल जनसैलाब उमड़ा।
कार्यक्रम के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए थे। इस अवसर पर कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।
लालता प्रसाद शाक्य, एडिशनल एसपी श्वेताभ पाण्डेय, एसडीएम राजकुमार मौर्य, एसडीएम पीयूष रावत, तहसीलदार नीरज कुमार, सीओ सिटी राजेश सिंह, सीओ जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, सीओ अलीगंज नीतीश गर्ग, सीओ सकीट कृतिका सिंह और सीओ सदर संकल्प दीप शामिल थे।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कोतवाली नगर प्रभारी प्रेमपाल सिंह, प्रदर्शनी प्रभारी निर्दोष सिंह सेंगर, इंस्पेक्टर शंभूनाथ सिंह, आवागढ़ इंस्पेक्टर अखिलेश दीक्षित, जैथरा थाना अध्यक्ष रितेश ठाकुर, मिरहची थानाध्यक्ष नीतू वर्मा और सकीट थानाध्यक्ष विदेश राठी समेत भारी पुलिस बल तैनात रहा।

Janmat News 
