प्रतापगढ़ CDO ने अजगरा महोत्सव की तैयारियों के सम्बन्ध में की बैठक, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के मुख्य विकास अधिकारी (CDO) डॉ. राममोहन मीना की अध्यक्षता में सोमवार को देर सायंकाल कैम्प कार्यालय सभागार में अजगरा महोत्सव की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के मुख्य विकास अधिकारी (CDO) डॉ. राममोहन मीना की अध्यक्षता में सोमवार को देर सायंकाल कैम्प कार्यालय सभागार में अजगरा महोत्सव की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सीडीओ ने निर्देशित किया कि आगामी 15 से 17 सितम्बर तक पौराणिक स्थल अजगरा में आयोजित होने वाले अजगरा महोत्सव से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय में पूर्ण कर ली जाएं।
मुख्य विकास अधिकारी ने महोत्सव की व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए शांति एवं कानून-व्यवस्था, मार्ग व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, साफ-सफाई, आवागमन, बैरीकेडिंग, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा विभागीय प्रदर्शनियों आदि के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों को जो कार्य एवं दायित्व सौंपे गए हैं, उनका शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। सभी संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करें और व्यवस्थाओं में यदि कहीं कोई कमी हो तो उसे तत्काल दूर कराते हुए सभी तैयारियां समय से पूर्ण कराएं।
सीडीओ ने महोत्सव स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था और आवागमन को सुचारु बनाए रखने के साथ ही बैरीकेडिंग एवं मार्ग व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं विभागीय प्रदर्शनियों की तैयारियां भी समयबद्ध ढंग से पूरी कराने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि महोत्सव के दौरान आमजन एवं आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से संचालित हों।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) आदित्य प्रजापति, डीएफओ आशुतोष गुप्ता, उपजिलाधिकारी लालगंज वाचस्पति सिंह, पं. राजेश कुमार पाण्डेय ‘निर्झर प्रतापगढ़ी’ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




