शाहजहांपुर: बाइक की दोहरी टक्कर से दो वर्षीय मासूम की मौत, परिजनों ने लगाया जाम; मौके पर पहुंचे अधिकारी
उप्र के शाहजहांपुर जनपद के अजीजगंज क्षेत्र में रविवार को दर्दनाक हादसे में बाइक की चपेट में आने से दो वर्षीय मासूम कार्तिक की मौत हो गई।
शाहजहांपुर से राजीव शुक्ला की रिपोर्ट
शाहजहांपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के शाहजहांपुर जनपद के अजीजगंज क्षेत्र में रविवार को दर्दनाक हादसे में बाइक की चपेट में आने से दो वर्षीय मासूम कार्तिक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने शव को सड़क पर रखकर सहज मार्ग पर जाम लगा दिया।
परिजनों का आरोप है कि मिथुन नामक युवक की बाइक ने पहले मासूम को टक्कर मारी। इसके बाद बाइक संभालने के दौरान उसका पहिया दोबारा बच्चे के ऊपर से निकल गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल कार्तिक को परिजन राजकीय मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिवार के लोग कार्रवाई की मांग को लेकर जाम खोलने के लिए तैयार नहीं हुए।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत पांडेय, सीओ सिटी देवव्रत वाजपेयी और एसपी सिटी देवेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से बातचीत कर उन्हें समझाया-बुझाया और मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुल सका और मार्ग पर आवागमन सुचारु हो पाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।




