बलरामपुर में प्रशासन का सख्त एक्शन, अतिक्रमण पर चला बुलडोजर; ग्राम समाज की जमीन कब्जा मुक्त

उप्र के बलरामपुर जनपद के ग्राम खरड़गड़ी में अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाकर निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

बलरामपुर में प्रशासन का सख्त एक्शन, अतिक्रमण पर चला बुलडोजर; ग्राम समाज की जमीन कब्जा मुक्त
Published By- Diwaker Mishra

बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट

बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर जनपद के ग्राम खरड़गड़ी में अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाकर निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

यह कार्रवाई उस शिकायत के बाद हुई, जो समाजसेवी आयुष कुमार त्रिपाठी द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जिला प्रशासन से की गई थी।

जानकारी के मुताबिक ग्राम समाज की यह जमीन लंबे समय से ग्रामीणों के सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए उपयोग में लाई जाती थी। लेकिन कुछ लोगों द्वारा इस पर अवैध कब्जा कर लिया गया था, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही थी।

शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पहले कब्जाधारियों को नोटिस जारी किया। निर्धारित समय सीमा में कब्जा न हटाने पर जिला अधिकारी के निर्देश पर सख्त कदम उठाया गया।

मौके पर लेखपाल, कानूनगो और पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को गिरा दिया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अब ग्राम समाज की जमीन पूरी तरह कब्जा मुक्त कर दी गई है।

स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्ती बरती जाए, ताकि सार्वजनिक जमीनों पर अवैध कब्जा न हो सके।