अमेठी में हनुमान मंदिर चोरी का खुलासा: एक आरोपी गिरफ्तार, मुकुट-खड़ाऊ के साथ तमंचा व कारतूस बरामद

हनुमान मंदिर में हुई चोरी का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया एक चांदी का मुकुट, एक जोड़ी खड़ाऊ के साथ एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।

अमेठी में हनुमान मंदिर चोरी का खुलासा: एक आरोपी गिरफ्तार, मुकुट-खड़ाऊ के साथ तमंचा व कारतूस बरामद
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

अमेठी से राम मिश्रा की रिपोर्ट —

अमेठी/जनमत न्यूज़। जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बड़ागांव स्थित हनुमान मंदिर में हुई चोरी का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया एक चांदी का मुकुट, एक जोड़ी खड़ाऊ के साथ एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, थाना जगदीशपुर की टीम क्षेत्र में नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल से गुजर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मोटरसाइकिल सवार युवक को रोककर जांच की। पूछताछ में उसकी पहचान अभिषेक यादव उर्फ मोनू, निवासी थाना क्षेत्र भाले सुल्तान शहीद स्मारक, जनपद अमेठी के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान अभियुक्त के पास से एक अदद तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने शनिवार की रात ग्राम बड़ागांव स्थित हनुमान मंदिर से मूर्ति का एक चांदी का मुकुट और एक जोड़ी खड़ाऊ चोरी की थी, जिसे उसने अपनी मोटरसाइकिल की डिग्गी में छिपा रखा था। अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस ने डिग्गी से चोरी किया गया मुकुट और खड़ाऊ भी बरामद कर लिया।

बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमे में सुसंगत धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। साथ ही, जब अभियुक्त से मोटरसाइकिल (बजाज पल्सर) के कागजात मांगे गए तो वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।