मिर्जापुर में पुलिस चौकी में घुसकर दबंगों का बवाल, दरोगा-सिपाही से मारपीट का वीडियो वायरल

चौकी इंचार्ज और सिपाही को चौकी के अंदर ही पीटा गया। मारपीट में सिपाही के सिर पर चोट आई है, जबकि दरोगा की वर्दी फाड़ दी गई और बैज भी नोच लिया गया।

मिर्जापुर में पुलिस चौकी में घुसकर दबंगों का बवाल, दरोगा-सिपाही से मारपीट का वीडियो वायरल
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

मिर्जापुर से आनंद तिवारी की रिपोर्ट —

मिर्जापुर / जनमत न्यूज। मिर्जापुर शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित अस्पताल पुलिस चौकी में दबंगों द्वारा घुसकर दरोगा और सिपाही से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

बताया जा रहा है कि ई-रिक्शा से टक्कर को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा। आरोप है कि कुछ मनबढ़ लोग अस्पताल चौकी पहुंच गए और वहां तैनात पुलिसकर्मियों से अभद्रता करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

घटना के दौरान चौकी इंचार्ज और सिपाही को चौकी के अंदर ही पीटा गया। मारपीट में सिपाही के सिर पर चोट आई है, जबकि दरोगा की वर्दी फाड़ दी गई और बैज भी नोच लिया गया।

सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक उपद्रवी मौके से फरार हो चुके थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को हिरासत में लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। घटना के बाद पुलिस विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।