डीसीएम–ई-रिक्शा टक्कर में दो की मौत, पांच घायल

डीसीएम वाहन और ई-रिक्शा की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में ई-रिक्शा सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई।

डीसीएम–ई-रिक्शा टक्कर में दो की मौत, पांच घायल
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

बलरामपुर से गुलाम नबी की रिपोर्ट —

बलरामपुर/जनमत न्यूज। बलरामपुर जनपद के थाना गौरा चौराहा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिशनपुर में गुरुवार देर रात करीब 10 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। डीसीएम वाहन और ई-रिक्शा की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में ई-रिक्शा सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही थाना गौरा चौराहा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। गंभीर रूप से घायल सभी लोगों को तत्काल एम्बुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान दो घायलों को मृत घोषित कर दिया। शेष घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका इलाज जारी है।

थानाध्यक्ष गौरा चौराहा ने बताया कि ई-रिक्शा पर सवार सभी लोग सिद्धार्थनगर जनपद से आ रहे थे। मृतक एवं घायल सभी गागापुर गांव, थाना तिलोकपुर, जनपद सिद्धार्थनगर के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ, जिसे पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर सुचारु कराया गया।

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की गहन जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर आमने-सामने की टक्कर को हादसे का कारण माना जा रहा है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।