नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, दो आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग अभिरक्षा में

पीड़िता का आरोप है कि तीनों युवक उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर एक होटल ले गए, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया।

नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, दो आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग अभिरक्षा में
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

बांदा से आशीष सागर दीक्षित की रिपोर्ट —

बांदा/जनमत न्यूज। जिले की अतर्रा तहसील क्षेत्र में एक 16 वर्षीय बालिका द्वारा तीन युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पीड़िता का आरोप है कि तीनों युवक उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर एक होटल ले गए, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना अतर्रा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई की। क्षेत्राधिकारी अतर्रा प्रवीण यादव के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। दबिश देकर तीनों संदिग्धों को हिरासत में लिया गया।

सीओ प्रवीण यादव ने मीडिया को जारी बयान में बताया कि थाना अतर्रा क्षेत्रांतर्गत एक लगभग 16 वर्षीया बालिका को तीन युवक बाइक पर अपने साथ ले गए थे, जिसके बाद उसके साथ गलत कृत्य किए जाने का आरोप है। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों में शक्ति पुत्र रामनारायण निवासी सहेवां थाना गिरवां जनपद बांदा तथा नीरज पुत्र शिवप्रसाद निवासी चौसड़ थाना बिसंडा जनपद बांदा शामिल हैं। तीसरा आरोपी नाबालिग बताया गया है, जिसे विधिक प्रावधानों के तहत अभिरक्षा में लेकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है तथा संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि दोषियों के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर कठोरतम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।