हिजाब विवाद पर बुरे फंसे नीतीश कुमार, UP-झारखंड के बाद अब इस राज्य में FIR
उत्तर प्रदेश, झारखंड, कर्नाटक और जम्मू-कश्मीर के बाद अब पश्चिम बंगाल में भी नीतीश कुमार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है।
पटना/कोलकाता/जनमत न्यूज़। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का हिजाब विवाद सुर्खियों में हैं। उत्तर प्रदेश, झारखंड, कर्नाटक और जम्मू-कश्मीर के बाद अब पश्चिम बंगाल में भी नीतीश कुमार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। कोलकाता के इकबालपुर थाने में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सीएम नीतीश कुमार ने पटना में एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान महिला डॉक्टर नुसरत परवीन का हिजाब खींचा था।
इकबालपुर थाने में दर्ज कराई गई शिकायत
भुकैलाश रोड निवासी एसके सहजादा ने इकबालपुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण तरीके से यह कृत्य किया। शिकायतकर्ता का दावा है कि यह कदम धार्मिक भावनाओं को आहत करने और सार्वजनिक अशांति फैलाने के उद्देश्य से किया गया।
सोशल मीडिया लिंक शिकायत का हिस्सा
पुलिस के अनुसार, शिकायत के साथ तीन अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के लिंक भी संलग्न किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि वे शिकायतकर्ता से संपर्क कर उसका बयान दर्ज करेंगे, ताकि यह समझा जा सके कि वह खुद को किस आधार पर खुद को पीड़ित महसूस कर रहा है। हालांकि पुलिस ने शिकायतकर्ता और 'हिजाब कांड' की पीड़ित नुसरत परवीन के परिवार के बीच किसी भी तरह के संबंध की पुष्टि से इनकार किया है।
नुसरत परवीन का परिवार पटना से हुआ शिफ्ट
बता दें, हिजाब विवाद के बाद डॉक्टर नुसरत परवीन ने पटना छोड़ दिया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, नुसरत परवीन का परिवार 17 दिसंबर को न्यू पाटलिपुत्र स्थित अपना फ्लैट खाली कर चुका है और मोहिदीन एन्क्लेव स्थित एक अन्य आवास को भी बंद कर दिया गया है।


