पुलिस मुठभेड़ के बाद लूट गिरोह के 7 बदमाश गिरफ्तार, हथियार व सामान बरामद
सभी आरोपी थाना डीह में दर्ज लूट के मामले में वांछित थे और काफी समय से फरार चल रहे थे।
रायबरेली से महाताब खान की रिपोर्ट —
रायबरेली/जनमत न्यूज। जिले में अपराध पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। डीह और भदोखर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के सात वांछित बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान हुई फायरिंग में तीन बदमाशों के पैर में गोली लगने से वे घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 3 अवैध तमंचे (.315 बोर), 2 जिंदा कारतूस, 3 खोखा कारतूस, थाना डीह में दर्ज लूट कांड से संबंधित पीतल की 10 बोरी टोंटी, घटना में प्रयुक्त एक चार पहिया वाहन तथा एक ई-रिक्शा बरामद किया गया है।
डीह थाना क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अक्षत मिश्रा, मोहित आर्या, संतोष निर्मल, अभिषेक निर्मल और अरविंद प्रजापति को गिरफ्तार किया। इनमें अक्षत मिश्रा और मोहित आर्या मुठभेड़ में घायल हुए हैं। वहीं भदोखर थाना क्षेत्र में प्रयागराज साहू और सूरज को गिरफ्तार किया गया, जिनमें प्रयागराज साहू को गोली लगी है।
पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी थाना डीह में दर्ज लूट के मामले में वांछित थे और काफी समय से फरार चल रहे थे। पूछताछ के दौरान गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और संभावित वारदातों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Janmat News 
