बस में बैठे व्यापारी की गोली मारकर हत्या, हिंदू महासभा नेत्री पूजा शकुन पांडे और उनके पति पर आरोप
अभिषेक गुप्ता अपने पिता के साथ शोरूम बंद कर हाथरस जनपद के सिकंदराराऊ स्थित घर जाने के लिए बस में बैठे थे। तभी रात करीब 9:30 बजे बाइक पर आए दो अज्ञात बदमाशों ने बस के अंदर ही अभिषेक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल अभिषेक को आनन-फानन में जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अलीगढ़/जनमत न्यूज। थाना रोरावर क्षेत्र में शुक्रवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब बाइक सवार बदमाशों ने बस में बैठे टीवीएस शोरूम के मालिक अभिषेक गुप्ता की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, अभिषेक गुप्ता अपने पिता के साथ शोरूम बंद कर हाथरस जनपद के सिकंदराराऊ स्थित घर जाने के लिए बस में बैठे थे। तभी रात करीब 9:30 बजे बाइक पर आए दो अज्ञात बदमाशों ने बस के अंदर ही अभिषेक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल अभिषेक को आनन-फानन में जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद बस में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही सीओ प्रथम मयंक पाठक, नगर पुलिस अधीक्षक समेत पुलिस अधिकारी व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य संकलन शुरू किया।
वहीं मृतक के पिता ने अखिल भारत हिंदू महासभा की राष्ट्रीय सचिव पूजा शकुन पांडे और उनके पति अशोक पांडे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अभिषेक का उनके साथ पैसों का लेन-देन था और लंबे समय से वे उसे ब्लैकमेल कर परेशान कर रहे थे। पिता का आरोप है कि यही विवाद हत्या की वजह बना।
पुलिस ने परिजनों की तहरीर लेकर मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से हमलावरों की पहचान की जा रही है और सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है। यह खौफनाक वारदात न केवल व्यापारिक समुदाय में दहशत फैलाने वाली है बल्कि शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

Janmat News 
