नेपाल में CM योगी के नाम से गौशाला संचालित, उद्घाटन को लेकर देवीपाटन पहुंचा संतों का प्रतिनिधिमंडल

उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश में चलाए जा रहे गौ सेवा और निराश्रित गोवंश संरक्षण अभियान से प्रेरित होकर पड़ोसी देश नेपाल में भी इसी भावना के साथ एक बड़ी पहल की गई है।

नेपाल में CM योगी के नाम से गौशाला संचालित, उद्घाटन को लेकर देवीपाटन पहुंचा संतों का प्रतिनिधिमंडल
Published By- Diwaker Mishra

बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट

बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश में चलाए जा रहे गौ सेवा और निराश्रित गोवंश संरक्षण अभियान से प्रेरित होकर पड़ोसी देश नेपाल में भी इसी भावना के साथ एक बड़ी पहल की गई है।

नेपाल के दांग जनपद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम से योगी आदित्यनाथ फाउंडेशन गौ सेवा समिति द्वारा एक गौशाला संचालित की जा रही है, जिसमें वर्तमान समय में करीब 400 निराश्रित गोवंशों को आश्रय दिया गया है।

इस गौशाला को लेकर नेपाल के संत समाज, हिंदू संगठनों और स्थानीय नागरिकों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। गौशाला के औपचारिक उद्घाटन को भव्य स्वरूप देने के उद्देश्य से सोमवार को नेपाल से संतों और फाउंडेशन के पदाधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल देवीपाटन पहुंचा।

प्रतिनिधिमंडल ने देवीपाटन मंदिर में पीठाधीश्वर एवं गोरक्षपीठ से जुड़े संतों से भेंट कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा देवीपाटन पीठाधीश्वर महाराज मिथलेशनाथ योगी से उद्घाटन कार्यक्रम के लिए समय देने का अनुरोध किया। इस दौरान कार्यक्रम की संभावित तिथि, स्वरूप और आयोजन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

गौशाला के संचालक संत भरतनाथ योगी ने बताया कि दांग जनपद में संचालित इस गौशाला में फिलहाल लगभग चार सौ निराश्रित गोवंशों को सुरक्षित आश्रय दिया गया है। गोवंशों की देखरेख के लिए 10 स्वयंसेवकों की नियमित टीम तैनात है, जो चारा, पानी, स्वच्छता और देखभाल का कार्य कर रही है।

इसके अलावा गोवंशों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए चिकित्सा की भी समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे बीमार या घायल गोवंशों का समय पर उपचार हो सके।

संत भरतनाथ योगी ने बताया कि गौशाला का संचालन स्थानीय व्यापारियों, श्रद्धालुओं और समाजसेवियों के सहयोग से किया जा रहा है। नेपाल के विभिन्न हिंदू संगठनों ने भी इस पहल का समर्थन किया है।

उन्होंने कहा कि भविष्य में गौशाला की क्षमता बढ़ाने की योजना है, ताकि और अधिक निराश्रित गोवंशों को संरक्षण दिया जा सके और गौ सेवा को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जा सके।

प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के बाद देवीपाटन पीठाधीश्वर महाराज मिथलेशनाथ योगी ने नेपाल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम से शुरू हुई इस गौ सेवा पहल पर प्रसन्नता व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि यह प्रयास केवल गौ संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि भारत और नेपाल के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों को भी और अधिक मजबूत करने वाला है। महाराज ने गौशाला के सफल संचालन और प्रस्तावित उद्घाटन कार्यक्रम के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर नेपाल के दांग क्षेत्र स्थित पीर रतननाथ योगी मठ के पुजारी डॉ. नारायण नाथ योगी सहित कई संत, साधु और फाउंडेशन के पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन से संबंधित तिथि घोषित की जाएगी और गौशाला का उद्घाटन बड़े स्तर पर संपन्न कराया जाएगा।