फिरोजाबाद में शिक्षामित्रों के लिए सम्मान समारोह का आयोजन, बढ़े हुए मानदेय का दिया गया चेक
उप्र के फिरोजाबाद जनपद के पालीवाल हॉल में जनपद के शिक्षामित्रों के लिए ऐतिहासिक दिन रहा, जब सरकार द्वारा शिक्षामित्रों के मानदेय में की गई अभूतपूर्व वृद्धि के उपलक्ष्य में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
फिरोजाबाद से विमल कुमार सिंह की रिपोर्ट
फिरोजाबाद/जनमत न्यूज़। उप्र के फिरोजाबाद जनपद के पालीवाल हॉल में जनपद के शिक्षामित्रों के लिए ऐतिहासिक दिन रहा, जब सरकार द्वारा शिक्षामित्रों के मानदेय में की गई अभूतपूर्व वृद्धि के उपलक्ष्य में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जिले के अधिकारियों के अलावा जनप्रतिनिधियों ने शिरकत कर शिक्षामित्रों का उत्साहवर्द्धन किया। कार्यक्रम में आयुक्त आगरा मंडल आगरा नागेंद्र प्रताप, सदर विधायक मनीष असीजा, मेयर कामिनी राठौर, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष पांडे उपस्थित रहें।
इस अवसर पर समारोह में जनपद के 586 शिक्षामित्र शामिल हुए। इस दौरान कुल 20 शिक्षामित्रों को अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के हाथों चेक प्रदान किए गए।
चेक पाने वालों में श्याम सिंह, चंद्रकला सिंगर, प्रमोद कुमार, सरोज राजपूत, गीतांजलि, मुरारी लाल शर्मा, रूबी यादव, पूनम प्रमुख रहीं। इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री जी के कुशल मार्गदर्शन में शिक्षा मित्रों के मानदेय को रुपए 10000 से बढ़ाकर 18000 प्रतिमाह किए जाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है।
इस अवसर पर बोलते हुए सदर विधायक मनीष असीजा ने ‘‘शिक्षामित्रों को संबोधित करते हुए कहा कि हम हर मुश्किल और हर परिस्थिति में आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं, आपकी मेहनत और निष्ठा का सम्मान करना हमारी प्राथमिकता है।‘‘
उन्होंने आगे कहा कि मा0 मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में आज समाज के हर वर्ग के कल्याण की चिंता की जा रही है, यह मानदेय वृद्धि उसी का एक हिस्सा है, मंडलायुक्त महोदय ने भी शिक्षामित्रों के उज्जवल भविष्य की कामना की ओर शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की।
जनपद से आए समस्त शिक्षामित्रों ने एक स्वर में माननीय मुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त किया। मानदेय में एक महत्वपूर्ण वृद्धि से शिक्षामित्रों के आर्थिक स्तर में सुधार होगा और उनके परिवारों को संबल मिलेगा।
इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री जी की अध्यक्षता में हुए शिक्षामित्र सम्मान समारोह का लाइव प्रसारण भी देखा गया, इस दौरान उप जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय, फिरोजाबाद, अरांव आदि उपस्थित रहें।

Janmat News 
