अलीगढ: निकम्मे पति ने नमाज पढ़ रही पत्नी के ऊपर डाला तेजाब, हालत गंभीर; अस्पताल में भर्ती
उप्र के अलीगढ़ जनपद में एक बेहद ही हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां एक निकम्मे पति आबाद ने काम करने से मना करते हुए अपनी पत्नी यास्मीन के ऊपर ज्वलनशील पदार्थ तेजाब उड़ेल दिया।
अलीगढ से अजय कुमार की रिपोर्ट
अलीगढ/जनमत न्यूज़। उप्र के अलीगढ़ जनपद में एक बेहद ही हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां एक निकम्मे पति आबाद ने काम करने से मना करते हुए अपनी पत्नी यास्मीन के ऊपर ज्वलनशील पदार्थ तेजाब उड़ेल दिया। पति द्वारा तेजाब से किए हमले में पत्नी का पूरा शरीर बुरी तरह से झुलस गया।
पत्नी के ऊपर तेजाब डालने के बाद पति मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और तेजाब से झुलसी महिला को उपचार के लिए मलखान सिंह अस्पताल ले जाया गया।
यहां प्राथमिक उपचार के बाद महिला की हालत को गंभीर देखते हुए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस फरार आरोपी पति की तलाश में जुटी हुई है। मामला थाना रोरावर क्षेत्र के शाहजमाल इलाके का है।
अस्पताल में भर्ती पत्नी यास्मीन ने बताया कि उसका पति आबाद कोई काम नहीं करता है। जिसके चलते उसने अपने पति से कहा आप कुछ काम धंधा करते नहीं हो और ऊपर से गलत काम करते हो। ऐसे में हमारे बच्चे कैसे पलेंगे। यह बात उसके पति को नागवार गुजर गई और घर से भाग गया।
आरोप है कि घर से कई दिन से भागे पति ने अचानक उसके पास फोन किया और अपनी पत्नी से कहा कि उसको पैसे देने के लिए घर आ रहा हूं। इस पर उसकी पत्नी यास्मीन ने घर का दरवाजा खोल दिया। तभी पति ने घर में नमाज पढ़ रही पत्नी यास्मीन के शरीर पर तेजाब से हमला कर दिया।
पति द्वारा तेजाब से किए हमले में उसका पूरा शरीर बुरी तरह से झुलस गया।घटना के बाद हमलावर पति मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना पुलिस को दी गई और सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
इस संबंध में मौके पर पहुंचे सीओ संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि 31 जुलाई 2026 को थाना रोरावर पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि एक महिला के ऊपर उसके पति द्वारा तेजाब डाल दिया गया है।
इस सूचना पर पुलिस मौका पर पहुंची और देखा कि दोनों पति-पत्नी किराए के मकान में रह रही थी। पुलिस की जांच में सामने आया कि तेजाब में झुलसी महिला का पति कोई काम नहीं करता है।
इसी बात को लेकर दोनों पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ और पति ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी के ऊपर तेजाब डाल दिया।पुलिस द्वारा महिला को उपचार के लिए जिला मलखान अस्पताल भेजा गया। पीड़ित परिजनों से तहरीर प्राप्त होने के बाद मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।


