अयोध्या पहुंचे राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र, दिए अहम अपडेट
राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र आज अयोध्या पहुंचे। नृपेंद्र मिश्र ने मीडिया को राम मंदिर निर्माण से जुड़े अहम अपडेट दिए।
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र आज अयोध्या पहुंचे। नृपेंद्र मिश्र ने मीडिया को राम मंदिर निर्माण से जुड़े अहम अपडेट दिए। उन्होंने बताया 19 मार्च को महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अयोध्या दौरे की अनौपचारिक सहमति मिली।
19 मार्च को हिंदू नव वर्ष के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा। राष्ट्रपति राम मंदिर परिसर में लगभग 400 श्रमिकों को सम्मानित करेंगी।
केंद्रीय संस्कृति विश्वविद्यालय, दिल्ली ने 400 वर्ष प्राचीन वाल्मीकि रामायण राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को दी गई। वाल्मीकि रामायण अब राम मंदिर परिसर पहुंच चुकी है। कांची कामकोटि पीठ के शंकराचार्य ने राम यंत्र स्तोत्र सौंपा। राम यंत्र स्तोत्र भी राम मंदिर पहुंच गया है।
पवित्र ग्रंथों और धरोहरों को गर्भगृह में स्थापित किया जाएगा। प्राचीन रामायणों के चयन के लिए एक विशेष समिति बनाई जाएगी। राम मंदिर ट्रस्ट इसके लिए जल्द सार्वजनिक विज्ञापन जारी करेगा।
रामलला के अस्थायी मंदिर को मेमोरियल के रूप में फरवरी के अंत तक तैयार किया जाएगा। राम मंदिर आंदोलन के शहीदों का स्मारक मार्च तक पूर्ण होगा, जबकि अप्रैल के अंत तक एलएंडटी और टीसीएस अपना कार्य पूरा कर लौट जाएंगी।

Janmat News 
